पाकिस्तान के पूर्व PM इमरान खान गिरफ्तार, इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर पाकिस्तानी रेंजर्स की कार्रवाई

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी गिरफ्तारी पाकिस्तानी रेंजर्स ने की है। इमरान खान हाईकोर्ट कई मामलों में जमानत के लिए पहुंचे थे। वे कई दिन से फौज के एक आला अफसर के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे।

इमरान को फौज से दुश्मनी भारी पड़ी
2018 में इमरान खान को प्रधानमंत्री फौज ने ही बनवाया था। बाद में ISI चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद के ट्रांसफर के मुद्दे पर उनका उस वक्त के आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा से विवाद हो गया।इसके बाद फौज ने शाहबाज शरीफ का दामन थाम लिया और इमरान की सरकार पिछले साल अप्रैल में गिरा दी। 

इसके बाद से खान फौज के खिलाफ बयानबाजी करने लगे। उन्होंने बाजवा को गद्दार तक कहा। रविवार को खान ने एक रैली में फौज के एक बड़े अफसर फैसल नसीर पर कत्ल की साजिश रचने का आरोप लगाया था।

सोमवार को फौज के मीडिया विंग ने एक वीडियो जारी किया। कहा- खान गलत इल्जाम लगा रहे हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद इमरान ने मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट निकलने के पहले फिर एक वीडियो जारी किया। कहा- पाकिस्तान सिर्फ फौज का नहीं है। मैंने सच बोला है। एक फौजी अफसर दो बार मेरे कत्ल की साजिश रच चुका है। मैं मौत से नहीं घबराता। इसके बाद जैसे ही वो हाईकोर्ट पहुंचे। पाकिस्तान रेंजर्स ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इमरान की पार्टी ने वीडियो शेयर किया, इमरान का वकील खून में लथपथ दिखा

इमरान की पार्टी PTI का आरोप है कि इमरान और उनके वकील को कोर्ट के बाहर पीटा गया।

इमरान की पार्टी PTI का आरोप है कि इमरान और उनके वकील को कोर्ट के बाहर पीटा गया।

पाकिस्तान के अखबार द डॉन ने बताया कि इमरान की पार्टी PTI ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पार्टी के नेता मुसर्रत चीमा ने एक वीडियो मैसेज जारी किया है। उन्होंने कहा- इमरान खान को अभी टॉर्चर किया जा रहा है। वो खान साहब को मार रहे हैं। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इमरान के वकील का भी वीडियो शेयर किया गया है। पार्टी ने कहा कि हाईकोर्ट के बाहर इमरान को बुरी तरह पीटा गया।

इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर भगदड़ मच गई।

इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर भगदड़ मच गई।

अल कादिर ट्रस्ट केस में गिरफ्तार किया गया
इमरान को अल कादिर ट्रस्ट केस में गिरफ्तार किया गया है। ये एक यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला है। इमरान ने बतौर प्रधानमंत्री इस यूनिवर्सिटी को गैरकानूनी तौर पर करोड़ों रुपए की जमीन दी थी। इस केस का खुलासा पाकिस्तान की सबसे अमीर शख्सियत मलिक रियाज ने किया था।

उन्होंने आरोप लगाया था कि इमरान और उनकी पत्नी ने उन्हें गिरफ्तारी का डर दिखाकर अरबों रुपए की जमीन अपने नाम करा ली। बाद में और रियाज और उनकी बेटी की बातचीत का एक ऑडियो लीक हुआ था। इसमें रियाज की बेटी कहती हैं कि इमरान की पत्नी बुशरा बीबी लगातार उनसे पांच कैरेट के हीरे की अंगूठी मांग रही हैं। इस पर रियाज कहते हैं कि अगर सब कुछ वो कर देती हैं तो पांच कैरेट की अंगूठी दे दो।