छत्तीसगढ़ः विस में कटघोरा वन मंडल परिक्षेत्र में हाथियों के हमले की गूंज उठी; गरीबों को पट्टा, पत्रकार सुरक्षा कानून समेत 8 विधेयक आज होंगे पेश

रायपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदन में कटघोरा वन मंडल परिक्षेत्र में हाथियों के हमले की गूंज उठी। कांग्रेस विधायक मोतीराम साहू ने हाथी के हमलों से लोगों और फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया। उनके मुताबिक इलाके में 5 लोगों की मौत हुई है। मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जनहानि और क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की।

जवाब में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि मृतकों के परिजनों को पहले 4 लाख मुआवजा दिया जाता था जिसे बढ़ाकर 6 लाख किया गया है, क्षतिग्रस्त मकान का मुआवजे बढ़ाने के संबंध में विचार किया जा रहा है ।

विधानसभा अपडेट्स

  • प्रश्नकाल के दौरान विधायक धर्मजीत सिंह ने अचानकमार टाइगर रिजर्व के लिए ग्राम खुड़िया में प्रवेश द्वार खोले जाने जानकारी जानकारी मांगी। खुड़िया में टाइगर रिजर्व प्रवेश द्वार खोला जाना है तो कब तक इसे खोला जाएगा।
  • मंत्री मोहम्मद अकबर बोले- अचानकमार टाइगर रिजर्व मुंगेली और बिलासपुर जिला अंतर्गत स्थित है, टाइगर रिजर्व के लिए गुड़िया में प्रवेश द्वार खोला जाना प्रस्तावित नहीं है। धर्मजीत बोले- खुड़िया पर्यटन स्थल है गेट खोला जाए तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
  • इस पर मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा- भारत सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस प्रस्ताव पर स्वीकृति पर विचार नहीं किया जा सकता। केंद्र सरकार से गेट खोलने की अनुमति नहीं है।
  • धर्मजीत बोले- खुड़िया नही तो अन्य गांव में गेट खोला जा सकता है, आवागमन के लिए साधन हो, विभाग की रक्षक भी होंगे। बॉर्डर क्षेत्र में खोला जा सकता है। मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा- इसका परीक्षण करा लिया जायेगा।
  • कांग्रेस विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने उठाया जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाया। उन्होंने Phe मंत्री रुद्र गुरु से सवाल किया 2021- 22, 2022- 23 जल जीवन मिशन के अंतर्गत रायपुर जिले में कितनी बजट राशि का आवंटन किया गया। कितनी राशि के वर्क आर्डर जारी किए गए। विधानसभावार की जानकारी दें।
  • जवाब में मंत्री रूद्र गुरु ने कहा- जिलेवार बजट का आवंटन नहीं किया जाता। जिले वार खर्च के लिए आहरण सीमा जारी की जाती है। रायपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत 8,32,400 लाख वर्ष 2022- 23 में 17539.60 लाख राशि का आहरण सीमा जारी की गई। कुल 46533.55 लाख के वर्क ऑर्डर जारी किए गए।

आज इन विषयों पर रहेगा फोकस

  • सदन में आज राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आवासहीन गरीबों को पट्टा दिए जाने का विधेयक पेश करने वाले हैं। साथ ही सदन में विधायकों के वेतन भत्ते से संबंधित बिल भी पारित होने वाला है। इसके अलावा पत्रकार सुरक्षा कानून समेत आठ संशोधन विधेयक पारित और चार विधेयक पेश किए जाएंगे। सीएम बघेल आज पत्रकार सुरक्षा कानून विधेयक पेश करेंगे। 
  • विधायक दलेश्वर साहू राजनांदगांव जिले के विकासखंड डोंगरगढ़ के गातापार में एनीकट निर्माण में अनियमितता का मामला उठाकर जल संसाधन मंत्री का ध्यानाकर्षण करेंगे। वहीं बीजेपी के विधायक शिवरतन शर्मा जमीन अधिग्रहण के प्रभावितों को मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किए जाने मामला उठाकर राजस्व मंत्री का ध्यान आकर्षित कराएंगे। विधायक भुनेश्वर शोभाराम बघेल छात्र आवास योजना से संबंधित मामले में आदिम जाति विकास मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।
  • वहीं बीजेपी के विधायक बृजमोहन अग्रवाल अमृत मिशन योजना के क्रियान्वयन नहीं किए जाने का मामला ध्यानाकर्षण के जरिए उठाने वाले हैं। इसके अलावा सदन में आज विनियोग पर भी चर्चा होगी।