रायपुरः धार्मिक पोस्टर जलाने पर हंगामा, लोगों ने किया चक्काजाम, 5 नबालिग समेत 7 गिरफ्तार; जलाई थीं देवी-देवताओं की तस्वीरें

2 हजार से ज्यादा लोगों ने किया चक्काजाम, 5 नबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार; देवी-देवताओं की जलाई थी तस्वीरें|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। राजधानी में एक धार्मिक पोस्टर को फाड़कर जला दिया गया। घटना की खबर फैली तो मुहल्ले के करीब 2 हजार लोग सड़कों पर उतर गए। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जिन लोगों ने पोस्टर फाड़ा उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। मामला शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक चला।

पुलिस के हाथ कई घंटों तक खाली थे, पोस्टर का अपमान करने वालों को पकड़ा नहीं जा सका था दूसरी तरफ सड़क पर भीड़ बढ़ती चली गई। बेकाबू होती लोगों की भीड़ और मामला तूल पकड़ता देख पुलिस हरकत में आई अब इस केस में 7 लड़कों को पकड़ा गया है, इनमें 5 नाबालिग हैं।

यह पूरी घटना रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रामनगर की है। यहां कुछ लोगों ने देवी-देवताओं के पोस्टर्स लगवाए थे। होलिका दहन के वक्त रात में कुछ बदमाश लड़कों ने इसे फाड़ा और होलिका में डालकर भाग गए। शुक्रवार को इसका CCTV फुटेज सामने आने की वजह जमकर हंगामा हुआ।

वीडियो सोशल मीडिया पर फैला तो गुस्साए मुहल्ले के लोगों ने चक्का जाम कर दिया। गुढ़ियारी के राम नगर इलाके में करीब 3 घंटे तक बवाल हंगामा चलता रहा। हालात इस कदर बिगड़े की आस-पास के तीन थानों से फोर्स बुलवाई गई, पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल मंगवाया गया, एडिशनल एसपी, सीएसपी, डीएसपी आस-पास के थानेदार भीड़ को समझाते रहे मगर लोग नहीं मानें।

इस मामले में एकत्रित हुई भीड़ संदिग्ध लड़कों के घर जाने का प्रयास कर रही थी।लेकिन पुलिस इन्हें रोकती रही। भीड़ बेकाबू होती जा रही थी। इतने में मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर लाठियां भांज दी। लोगों को खदेड़ा गया। मौके पर मौजूद मुहल्ले के कुछ लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया। पुलिस के अफसर लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर घरों के भीतर भेजने का प्रयास करते रहे। लाठियां भाजने से गुस्साए लोगों ने पुलिस से सवाल किए तो कहा गया कि किसी ने पुलिस पर पत्थर फेंका है। ये बवाल करीब 30 मिनट चला।

पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस इस मामले में दर्ज किया है। अफसरों ने घंटों तक लोगों को समझाया तब जाकर लोग सड़क से हटने को राजी हुए। भीड़ को भरोसा दिलाया गया कि पोस्टर का अपमान करने वालों को पकड़ा जाएगा। इसके बाद अलग-अलग टीमों को इस कांड को अंजाम देने वाले लड़कों को पकड़ने में लगाया गया। CCTV फुटेज में चेहरे साफ नहीं थे। पुलिस को स्थानीय स्तर पर भी कुछ इनपुट मिले हैं।

इस मामले में दिनभर पुलिस को आम लोगों की शिकायतें झेलनी पड़ी। कुछ घंटों बाद पोस्टर फाड़ने वाले 2 आरोपी युवक और इनके 5 नाबालिग साथियों को पकड़ा गया है। इनके खिलाफ थाने में धारा 295(क), 34 का अपराध रजिस्टर किया गया है। पकड़े गए युवकों में 19 साल का शाहिद खान और 18 साल का समीर शामिल हैं। ये सब राम नगर इलाके में रहते हैं।