छत्तीसगढ़ः हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला,तड़के घर से निकली थी बाहर; हादसे के बाद लोगों में आक्रोश

हाथी के हमले में मारी गई महिला।

गरियाबंद। गरियाबंद में शनिवार तड़के हाथी ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। महिला शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान हाथी ने उस पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि हाथी बुधवार सुबह ही धमतरी से पैरी नदी पार कर राजिम पहुंचा है और रिहायशी इलाकों में घूम रहा है। 

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बोरिद निवासी खोरबहारिन सोनकर (50) शनिवार सुबह करीब  बजे शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। बताया जा रहा है कि घर से कुछ दूर ही हाथी ने उस पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, और हाथी को वहां से भगाया। इसके बाद पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी। एक रात पहले भी लोगों ने हाथी को फिंगेश्वर शहर में ही वन विभाग के दफ्तर के पास घूमते देखा था।  

 

हादसे के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। आरोप है कि हाथी के आने की जानकारी को लेकर वन विभाग की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई। वन विभाग ने मुनादी भी नहीं कराई। इसके चलते यह हादसा हुआ है। लोगों का कहना है कि अगर हाथी के आने की जानकारी होती तो महिला घर से निकलती ही नहीं। फिलहाल वन विभाग की ओर से शुरुआती आर्थिक राहत परिजनों को दी गई है। वहीं शव को भी पंचनामा कार्रवाई के बाद सौंप दिया गया है।