छत्तीसगढ़ः बजट सत्र का आज चौथा दिन, राज्यपाल के अभिभाषण पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज चौथा दिन है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होनी है। शुक्रवार को विधानसभा में प्रदेश के प्रति व्यक्ति आय और GDP की ग्रोथ को पेश किया गया। अब इस पर भाजपा के मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने कहा, भाजपा सरकार में प्रदेश में आम लोगों की आय में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, लेकिन अब सिर्फ 10 फीसदी की बढ़त है।

चिमनानी ने बजट सत्र को लेकर कहा- 2003 में छत्तीसगढ़ की गिनती बीमारू राज्य में होती थी प्रदेश का बजट केवल 6 हजार से 9 हजार करोड़ रुपए था । 2003 में प्रति व्यक्ति आय 12 हजार रुपए थी जबकि भाजपा की सरकार के जाते तक 92 हजार रुपए हो चुकी थी। आज तो प्रदेश का बजट एक लाख करोड़ से ज्यादा हो गया। ऐसे में प्रति व्यक्ति आय महज 10 प्रतिशत बढ़ना कांग्रेस के कुशासन का परिणाम है।

प्रदेश के प्रति व्यक्ति आय को लेकर कांग्रेस का दावा अलग है। इसे जश्न और आम आदमी की खुशहाली से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा- भूपेश सरकार में आम आदमी की आय 1 लाख 33 हजार 898 है। रमन सरकार के पिछले कार्यकाल में ये आय 92 हजार 35 रुपए थी। 41 हजार 845 की बढ़ोतरी कांग्रेस की कुशल नीतियों की वजह से संभव हो पाया है।

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- हमने सदन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी, सहायक शिक्षक और 5 लाख से ज्यादा आंदोलनरत कर्मचारी, पुलिस के जवान, समेत कई मुद्दों पर सरकार से चर्चा करना चाहते थे, लेकिन सत्ताधारी दल सच्चाई सुनना नहीं चाहता। कांग्रेस ने जन घोषणापत्र में वादा किया था कि आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों को हम पूरा करेंगे। लेकिन कांग्रेस सरकार अब वादे से मुकर रही है।

छत्तीसगढ़ के बजट सत्र के तीसरे दिन मंत्री अमरजीत भगत ने छत्तीसगढ़ सरकार का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। राज्य की प्रति व्यक्ति आय अब एक लाख 33 हजार सालाना हो गई है। वहीं जीडीपी 8% है, जो देश की GDP से 1% ज्यादा है।

आंकड़ों में देखें जीडीपी ग्रोथ..

कृषि क्षेत्र में 5.93% वृद्धि

उद्योग क्षेत्र में 7.83% वृद्धि

सेवा क्षेत्र में 9.29% वृद्धि

प्रति व्यक्ति आय एक लाख 33000 है। पिछले साल की तुलना में 10.93% की वृद्धि हुई है।