छत्तीसगढ़ः उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के चलते बदला मौसम का मिजाज, सरगुजा में आज छाया रहेगा कोहरा

रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सरगुजा संभाग में कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। कृषि विज्ञान केंद्र जशपुर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जशपुर आउटर, मैनपाट और चिल्फी समेत छत्तीसगढ़ के कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह घास और पत्तियों पर ओस जम गई थी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फरवरी में आमतौर पर छत्तीसगढ़ में यह ट्रेंड नहीं दिखता। रात में ठंड पड़ती है लेकिन तापमान में इतनी गिरावट नहीं आती। हालांकि प्रदेश में 15 फरवरी तक ठंड पड़ने का ट्रेंड है। इस बार भी विशेषज्ञों ने 15 तारीख तक रात में ठंड के आसार जताए हैं।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में फरवरी के ज्यादा ठंडे दिनों के आंकड़े 1 से 15 फरवरी के बीच के ही हैं। इस साल उत्तर भारत में भारी बर्फबारी के कारण अचानक तेज ठंड लौटी है और पहाड़ों पर ओस जम रही है। हालांकि ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। जशपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मैनपाट और चिल्फी घाट सहित पहाड़ी इलाकों में अच्छी ठंड है। मैदानी इलाकों में भी पारा सामान्य से दो-तीन डिग्री नीचे चल रहा है। हवा की दिशा अभी नीचले स्तर पर उत्तरी होने के कारण ठंडी हवा पहुंच रही है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हवा की दिशा पश्चिमी होने पर गर्म हवा पहुंचने से तापमान में वृद्धि होती है। आमतौर पर प्रदेश में 15 से 20 फरवरी के बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने लगती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अभी उत्तरी से ठंडी हवा आ रही है। इसलिए राज्य में अच्छी ठंड महसूस की जा रही है। प्रदेश में सबसे आज सभी जगहों पर तापमान सामान्य से कम रिकार्ड किया गया। रायपुर में पारा 13.4 डिग्री रहा।

मैदानों में भी तापमान सामान्य से 30 कम
बिलासपुर में 12.4 और पेंड्रारोड में 9 डिग्री रिकार्ड किया गया। दोनों जगह तापमान सामान्य से 3-3 डिग्री कम है। दुर्ग में सबसे ज्यादा ठंड महसूस की गई। सुबह तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह नार्मल से 6 डिग्री कम है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अगले एक-दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

शुरुआती दो हफ्ते में अच्छी ठंड
रायपुर में पिछले साल फरवरी में सबसे ज्यादा ठंडे दिन 5 और 6 फरवरी को रिकार्ड किए गए थे। दोनों दिन तापमान 12.5 डिग्री तक पहुंचा था, जो महीने के सबसे ठंडे दिन थे। 2021 में भी 2 तारीख को पारा 11.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह महीने का सबसे ठंडा दिन था। बिलासपुर में पिछले साल रात का तापमान 9.4 डिग्री 5 फरवरी को रिकार्ड किया गया था। 2021 में 9.4 डिग्री 5 फरवरी को रिकार्ड किया गया।

पेंड्रारोड में 2022 में फरवरी का सबसे कम तापमान 5 तारीख को 6.7 डिग्री रहा। 2021 में 8 डिग्री तापमान 1 फरवरी को दर्ज किया गया। अंबिकापुर, दुर्ग और जगदलपुर में भी ज्यादातर पहले पखवाड़े तक ठंड का ट्रेंड रहा है। इसके बाद तापमान में वृद्धि होने के साथ-साथ ठंड कम होने लगती है।