छत्तीसगढ़ः राज्य स्तरीय युवा महोत्सव और लोक साहित्य सम्मेलन का आगाज, सीएम भूपेश ने किया उद्घाटन

मंत्री डॉ. प्रेम साय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया

रायपुर। भूपेश बघेल सरकार छत्तीसगढ़ में युवाओं के विकास और कौशल उन्मुखी के लिए लगातार प्रयासरत है। इस क्रम में सरकार कई आयोजन करवा रही है। पारंपरिक खेलों को समर्पित छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के बाद अब आज शनिवार से राज्य स्तरीय युवा महोत्सव  एवं लोक साहित्य सम्मेलन 2023 की शुरुआत हुई।  28 से 30 जनवरी तक चलने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव और छत्तीसगढ़ लोक साहित्य सम्मेलन का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उद्धाटन किया। सीएम के शुभ संदेश के साथ यह आयोजन शुरू हुआ। 

छत्तीसगढ़ राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. प्रेम साय सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। युवा कल्याण एवं खेल मंत्री उमेश पटेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षा की। इस दौरान महिला बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया उपस्थित रहीं। महोत्सव में 15 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रदेशभर के तीन हजार प्रतिभागी भाग लेंगे। 

पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों का फूड-फेस्ट भी
युवा महोत्सव में प्रदेशभर के 3 हजार से अधिक प्रतिभागी 38 विविध विधाओं में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि से संबंधित खेल फुगड़ी, भौंरा, गेड़ी दौड़, कबड्डी एवं खो-खो के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी लोक-गीत और लोक-नृत्य करमा, राउत नाचा, पंथी, सरहुल, सुवा, बस्तरिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में दिखाई देगी। साथ ही छत्तीसगढ़ी संस्कृति से संबंधित चित्रकला, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों का फूड-फेस्ट का आयोजन महोत्सव में किया जाएगा।  

लोकनृत्य और करमा नाच का होगा आयोजन
राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के पहले दिन 28 जनवरी को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान खेल संचालनालय परिसर में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक मुख्य मंच में लोकनृत्य एवं करमा नाच, द्वितीय मंच में बस्तरिया नाच और ओपन मंच में राउत नाचा की प्रस्तुति होगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम के 1500 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से शाम 6.30 बजे तक लोकगीत और तात्कालिक भाषण, 100 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक शास्त्रीय संगीत हिन्दुस्तानी और कर्नाटका संगीत, 60 सीटर हॉल में दोपहर 2 बजे से 7 बजे तक तबला और गिटार वादन की प्रतियोगिताएं होंगी। खेल संचालनालय के ऊपर के हॉल में दोहपर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता होगी। विश्वविद्यालय खेल परिसर के शारीरिक शिक्षा शिक्षण विभाग खुला मैदान और हॉल में दोपहर 1 बजे से खो-खो महिला एवं पुरुष, कबड्डी महिला एवं पुरुष और कुश्ती महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। 

29 जनवरी को पंथी नृत्य और सरहुल नृत्य
युवा महोत्सव के दूसरे दिन 29 जनवरी को खेल संचालनालय परिसर के मुख्य मंच में सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक पंथी नृत्य और सरहुल नृत्य, दूसरे मंच में सुबह 9 बजे से 5 बजे तक सुवा नृत्य और पारंपरिक वेशभूषा और ओपन मंच में सुबह 9 बजे से दोपहर 4.30 बजे तक फुगड़ी और भौरा की प्रतियोगिता होगी। पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम के 1500 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 7.30 बजे तक एकांकी नाटक, 100 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे शास्त्रीय नृत्य भरत नाट्यम, कत्थक, ओडिसी, कुचीपुड़ी और मणिपुरी नृत्य और 60 सीटर हॉल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बांसुरी वादन, हारमोनियम, मृदंगम, सितार और वीणा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खेल संचालनालय के ऊपर के हाल में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक वाद-विवाद और क्विज प्रतियोगिता तथा खेल परिसर डोम में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक फूड फेस्टिवल तथा विश्वविद्यालय खेल परिसर मैदान में खो-खो महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड, कबड्डी महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड, कुश्ती महिला वर्ग सेमी फाइनल और फाइनल राऊंड और गेड़ी दौड़ का आयोजन होगा।