न्यूजीलैंड को 386 रन का टारगेट: गिल और रोहित ने खेली शतकीय पारियां, हार्दिक पंड्या की 9वीं हॉफ सेंचुरी

इंदौर। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल के शतकों की मदद से टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 385/9 का स्कोर बनाया। गिल ने 78 गेंदों पर 112 रन बनाए जबकि रोहित ने 85 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। इन दोनों के अलावा हार्दिक पंड्या ने भी अच्छी बैटिंग की। उन्होंने 38 गेंदों पर 54 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर ने 3-3 विकेट लिए।

26 ओवर में भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 212 रन था। तभी रोहित आउट हुए। इसके कुछ देर बाद शुभमन गिल भी पवेलियन लौट गए। विराट कोहली (36), ईशान किशन (17) और सूर्यकुमार यादव (14) ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। हार्दिक और शार्दूल ठाकुर ने सातवें विकेट के लिए 54 रन जोड़कर भारत को फिर ट्रैक पर वापस लौटाया।

यह वनडे क्रिकेट में भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टीम इंडिया ने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 8 मार्च 2009 को क्राइस्टचर्च में बनाया था। तब भारत ने 50 ओवर में 4 विकेट पर 392 रन बनाए थे।

ऐसे गिरे टीम इंडिया के विकेट 

  • पहला: रोहित शर्मा को ब्रेसवेल ने बोल्ड कर दिया।
  • दूसरा : गिल को ब्लेयर टेकनर ने कॉन्वे के हाथों कैच कराया।
  • तीसरा : ईशान किशन रनआउट हो गए।
  • चौथा : जैकब डफी की बॉल पर विराट कोहली वाइड मिडऑफ में खड़े फिन एलेन को कैच दे बैठे।
  • पांचवां : सूर्या जैकब की बॉल पर लॉन्ग ऑन पर कॉन्वे के हाथों कैच हुए।
  • छठा : टेकनर ने सुंदर को डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया।
  • सातवां : शार्दुल ठाकुर टेकनर की बॉल को विकेट के पीछे खेलना चाहते थे, लेकिन टॉम लैथम के हाथों कैच हुए।
  • आठवां : पंड्या डफी की बॉल पर कॉन्वे को कैच दे बैठे।
  • नौवां : आखिरी बॉल पर कुलदीप यादव रन आउट हुए।

रोहित-गिल ने दिलाई मजबूत शुरुआत 
कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों 157 गेंदों पर 212 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। रोहित ने अपने वनडे करियर का 30वां शतक बनाया। तो गिल ने छठी सेंचुरी पूरी की।

कप्तान रोहित के बल्ले से तीन साल बाद वनडे शतक आया है। तो गिल ने पिछले चार मैचों में तीसरी सेंचुरी जमाई है। 2019 के बाद से भारत के दोनों ओपनर्स ने शतक जमाए हैं। इससे पहले रोहित और राहुल ने ऐसा किया था।