रायपुरः दोहरे हत्याकांड की साजिश रचने वाली मास्टर माइंड वृद्धि साहू गिरफ्तार, सहयोगी सौरभ अभी भी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के दलदल सिवनी में हुए दोहरे हत्याकांड की आरोपित मास्‍टर माइंड वृद्धि साहू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि इस मामले में अन्‍य आरोपित और वृद्धि साहू का सहयोगी सौरभ तिवारी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

वृद्धि का सहयोगी सौरभ चलाता है एंबुलेंस

पुलिस अफसरों के अनुसार वृद्धि साहू का संपर्क इलाके के बदमाशों के साथ रहा है। वह नशे के कारोबार में भी लिप्त है। आरोपित सौरभ तिवारी आंबेडकर अस्पताल में एंबुलेंस चलाता है। वृद्धि साहू के साथ उसकी दोस्ती है। तीन साल पहले एक युवती के अपहरण और अश्लील वीडियो बनाने के केस में वह जेल भी जा चुकी है। इस हत्याकांड में दर्जन भर से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। 

एक दिन पहले मारने की बनाई थी योजना, उस दिन नहीं मिले

दोहरे हत्‍याकांड मामले में गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि दोनों गैंग में विवाद हुआ था। मृतक शिव नगर में रहता था, वहीं आरोपित दलदल सिवनी क्षेत्र में रहते हैं। दोनों इलाके आसपास हैं। क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर दोनों गैंग के बीच कई बार विवाद हुआ था।

हत्या के एक दिन पहले वृद्धि साहू के कहने पर गोकुल साहू सहित अन्य दूसरे गैंग के युवकों को खोज रहे थे। उस दिन कोई नहीं मिला। गोकुल निषाद और जितेंद्र डहरिया दलदल सिवनी बस स्टैंड के पास थे। इस दौरान गोकुल नंद साहू और दीपक साहू पहुंचे।

दोनों को देखने के बाद इसकी सूचना तत्काल वृद्धि साहू को दी। वृद्धि ने काम तमाम करने के लिए कहा। इसके बाद गोकुल और दीपक ने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद फोन पर वृद्धि को इसकी जानकारी दी और मौके से फरार हो गए।