छत्तीसगढ़ः सड़क हादसे में दो भाइयों की मौके पर हुई मौत, बाइक का बैलेंस बिगड़ने से हुआ हादसा; दोनों भाइयों को कुचलते हुआ निकल गया ट्रेलर

भिलाई। भिलाई तीन थाना अंतर्गत सिरसा गेट पर बाइक सवार दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों लड़के बाइक से अपने घर रेल नगर जा रहे थे। अचानक ट्रेलर सामने देखकर वो लोग अनबैलेंस होकर गिर गए। इसके बाद तेज रफ्तार ट्रेलर चालक उन्हें रौंदते हुए निकल गया।

मृतक की पहचान आदित्य सिंह राजपूत (17 साल) निवासी रेल नगर और अंकित सिंह राजपूत (22 साल) निवासी बिहार के रूप में हुई है।आदित्य ज्योति स्कूल में 11वीं पढ़ता था और अंकित बिहार में कॉलेज की पढ़ाई करता था।

दोनों भाई घर में आए मेहमानों को भिलाई तीन रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय सिरसा गेट के सामने दोनों सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। दोनों शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला लाया गया है। भिलाई तीन पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक ट्रेलर चालक का पता नहीं चल पाया है।

मरचुरी में लगी परिजनों की भीड़ - Dainik Bhaskar

मरचुरी में लगी परिजनों की भीड़

नानी के घर में रहता था आदित्य 
आदित्य के पिता बिहार में रहते हैं। वो बचपन से ही अपनी नानी के यहां भिलाई नगर में रहता था। यहीं पढ़ाई भी कर रहा था। उसकी मौसी की शादी कुछ दिन पहले हुई। जिसमें सभी मेहमान सहित आदित्य के माता पिता भी आए थे। एक दिन पहले ही वो बिहार गए थे। जैसे ही बेटे की मौत की सूचना मिली वो वहां से भिलाई के लिए निकल गए हैं।