छत्तीसगढ़ः प्रेमी ने किया प्रेमिका का कत्ल, पति को छोड़ प्रेमी के साथ रह रही थी लिव इन रिलेशन में, आरोपी फरार

इस घर में किराए पर रहते थे निशा और रतन

सूरजपुर। सूरजपुर के कॉलेज गली में लिव इन रिलेशन में रह रही युवती का शव शुक्रवार को घर पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती के शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं और पूरे कमरे में खून फैला मिला। लिव इन रिलेशन में रह रहा युवक फरार है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या बता रही है। युवती के पार्टनर की तलाश की जा रही है। 

सूरजपुर एसडीओपी प्रकाश सोनी ने बताया कि कॉलेज रोड के एक मकान में निशा (29) अपने प्रेमी रतन देवांगन के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। शुक्रवार को उसका शव घर में पड़ा हुआ मिला है। पड़ोस में रहने वाले लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। निशा के शरीर पर चोटों के निशान मिले। साथ ही कमरे में खून फैला हुआ था। 

आशंका है कि धारदार हथियार से उस पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। फारेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंच जांच की। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या मान रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। 

पति को छोड़ प्रेमी के साथ रह रही थी युवती
पुलिस ने बताया कि मृतक निशा का कुछ वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। उसने कुछ समय बाद अपने पति को छोड़ दिया था और प्रेमी रतन देवांगन के साथ कॉलेज रोड में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने आसपास के लोगों का बयान भी दर्ज किया है। पुलिस को पार्टनर रतन देवांगन द्वारा ही हत्या किए जाने का संदेह है। 

बीती रात हुआ था प्रेमी से झगड़ा
आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि निशा सूरजपुर में निजी दुकान में काम करती थी। बीती रात वह काम से लौटी तो उसका पार्टनर रतन देवांगन के साथ विवाद हुआ था। पहले भी उनका विवाद होता था, तो पड़ोसियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सुबह करीब 10 बजे तक निशा के घर का दरवाजा नहीं खुला और वह नहीं दिखी तो कुछ शंका होने पर आसपास के लोगों ने उसके घर को दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, लेकिन घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। पड़ोस के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो निशा की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।