छत्तीसगढ़ः झुमका महोत्सव में जमकर हुड़दंग, किसी ने कहा- सुखबीर होंठ हिला रहे हैं, गाना म्यूजिक सिस्टम में चल रहा है; भीड़ ने तोड़ी सैकड़ों कुर्सियां

कोरिया। जिले में आयोजित झुमका जल महोत्सव में जाने-माने सिंगर सुखबीर सिंह के परफॉर्मेंस के दौरान दर्शकों ने जमकर कुर्सियां तोड़ीं। इसका कारण सुखबीर के गानों के म्यूजिक सिस्टम में चलने को लेकर फैली एक खबर थी। इधर पुलिस-प्रशासन भी सुखबीर के गानों पर झूम रहा था और दर्शकों को नियंत्रित करने के लिए वहां कोई मौजूद नहीं था। विधायक गुलाब कमरो भी मंच पर थिरेक।

ये हुड़दंग तब शुरू हुआ जब कुछ लोगों ने बताया कि सुखबीर खुद से नहीं गा रहे थे, बल्कि पीछे म्यूजिक सिस्टम में बैकग्राउंड म्यूजिक और सॉन्ग चल रहा था, इसलिए उन्होंने गुस्से में आकर कुर्सियां तोड़नी शुरू की। वहीं कुछ युवाओं को स्टेज के पास जाने के लिए नहीं मिला, तो उन्होंने भी जमकर हुड़दंग मचाया। झुमका जल महोत्सव 2023 का आगाज 17 जनवरी को हुआ था। 18 जनवरी को बॉलीवुड सिंगर सुखबीर सिंह के गानों पर 15 हजार से अधिक लोग झूम उठे। इस बीच भरतपुर-सोनहत के विधायक गुलाब कमरो भी खुद को रोक नहीं पाए और स्टेज पर चढ़कर जोरदार डांस किया। प्रशासनिक अधिकारी सहित दर्शक भी झूमते-गाते और नाचते नजर आए।

लोगों ने तोड़ी कुर्सियां।

लोगों ने तोड़ी कुर्सियां।

सागरपुर स्थित झुमका डैम में आयोजित झुमका जल महोत्सव में मुख्य अतिथि संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव और विधायक गुलाब कमरो रहे। दो दिवसीय कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के साथ बॉलीवुड व छॉलीवुड कलाकार शामिल हुए। महोत्सव के पहले दिन स्थानीय कलाकारों के हुनर और कला के प्रदर्शन के लिए सांस्कृतिक मंच दिया गया। जहां कलाकारों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। साथ ही आसपास से सैलानी वॉटर स्पोर्ट्स और ढाई हेक्टेयर में बना आइलैंड देखने आए। कार्यक्रम में विधायक कमरो ने महोत्सव में आए लोगों को शासन की योजनाओं के बारे में भी बताया।

खुद को नाचने से नहीं रोक सके विधायक गुलाब कमरो।

खुद को नाचने से नहीं रोक सके विधायक गुलाब कमरो।

झुमका जल महोत्सव में इस साल भारी संख्या में लोग शामिल हुए। ठंड के बावजूद उनका उत्साह कम नहीं हुआ। कड़ाके की ठंड के बीच बड़ी संख्या में पटना, सोनहत समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचे। कोरोना काल के बाद पहली बार झुमका डैम के तट पर महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली छात्रों के अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्थानीय कलाकार भी शामिल हुए। आयोजकों का कहना है कि दो दिवसीय महोत्सव में करीब 10 हजार सैलानियों के आने का अनुमान है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, एसपी त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन, डीएफओ समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम स्थल पर टूटी हुई कुर्सियां।

कार्यक्रम स्थल पर टूटी हुई कुर्सियां।

महोत्सव में इन कलाकारों ने दी प्रस्तुति

कार्यक्रम के पहले दिन दोपहर 2.50 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकार आरु साहू ने गीत प्रस्तुत किया था। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील मानिकपुरी के अलावा ओडिशी नृत्यांगना पूर्णाश्री राउत ने भी नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं छतीसगढ़ी कलाकार अनुज शर्मा समेत बॉलीवुड कलाकार विनोद राठौर ने भी प्रस्तुतियां दीं।

18 जनवरी को पहुंचे सुखबीर सिंह

बुधवार को दोपहर 2 बजे स्थानीय कलाकार और शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकार संजय सुरीला ने प्रस्तुति दी। वहीं शाम 5.30 बजे सूफी कलाकार नासिर निंदर ने गायन प्रस्तुत किया। शाम 6.45 बजे अन्य कलाकार कार्यक्रम में शामिल हुए। 7 बजे छत्तीसगढ़ी कलाकर सुनील सोनी और बॉलीवुड कलाकार सुखबीर सिंह ने महोत्सव में प्रस्तुति दी। इसके अलावा इन दो दिनों में छत्तीसगढ़ी कलाकार सुनील मानिकपुरी के भजन एवं सरगुजिहा गीतों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। छत्तीसगढ़ी स्टार अनुज शर्मा ने शानदार छत्तीसगढ़ी गीतों पर प्रस्तुति दी। अनुज शर्मा ने घेरी बेरी, मया होगे रे जैसे गीतों पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा।

सिंगर विनोद राठौड़।

सिंगर विनोद राठौड़।

महोत्सव में शामिल होने के लिए बॉलीवुड के मशहूर सिंगर विनोद राठौड़ भी कोरिया पहुंचे। यहां उन्होंने ‘मैं हूं खलनायक’ समेत कई गाने गाए। झुमका जल महोत्सव के बेहद खूबसूरत पेशकश के बीच जब लेजर शो और आतिशबाजी शुरू हुई, तो लोग देखते ही रह गए। लगभग 15 मिनट तक चले लेजर शो में कोरिया जिले के पर्यटन, संस्कृति और शासकीय योजनाओं की प्रगति का दृश्य देखा गया। इसके साथ ही भगवान शंकर के तांडव नृत्य का अद्भुत प्रदर्शन भी लेजर शो के जरिए किया गया।

झुमका जल महोत्सव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण, गृह एवं जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने समस्त जिलेवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण है। छत्तीसगढ़ की सुंदरता, रीति, परंपराएं, मेला-मड़ई, महोत्सव देश-विदेशों से लोगों को अपनी ओर खींचती है। अब इसमें झुमका जल महोत्सव भी जुड़ गया है।

टूटी हुई कुर्सियां।

टूटी हुई कुर्सियां।

कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण एवं संस्कृति विभाग मंत्री अमरजीत भगत भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। उन्होंने प्रशासन द्वारा आयोजित झुमका जल महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कोरिया जिले के लिए एक अच्छी शुरुआत है। झुमका जल महोत्सव निश्चित ही आने वाले समय में बड़ा रूप लेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन प्रदेश की संस्कृति और परम्पराओं के संरक्षण के लिए समर्पित है।