छत्तीसगढ़: पुलिस फोर्स पर नक्सलियों का हमला; 5 से 6 जवानों के घायल होने की खबर, एक नक्सली ढेर

सांकेतिक तस्वीर

सुकमा। बस्तर संभाग के सुकमा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। सर्चिंग पर निकले संयुक्त पुलिस फोर्स पर नक्सलियों ने बड़ा हमला किया है। इस हमले में 5 से 6 जवानों के घायल होने की खबर है। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक अधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है। नक्सलियों ने भी कोई पर्चा या प्रेस रिलीज जारी नहीं किया है। नक्सली एरिया सुकमा से खबर है कि एलेमगुंडा क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान डीआरजी के जवानों पर नक्सलियों ने हमला किया। एलेमगुंडा कैंप से लगभग 15-17 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव के जंगल में नक्सलियों ने इस हमले को अंजाम दिया। वहीं पुलिस की ओर से दावा किया जा रहा है कि सुरक्षाबलों ने नक्सलियों पर बड़ा सर्जिकल स्ट्राइक किया है।

पहली बार हेलीकॉप्टर से सर्जिकल स्ट्राइक’, हमले में फंसा 
पुलिस का दावा कि इस सर्जिकल स्ट्राइक में पहली बार हेलीकॉप्टर का उपयोग किया गया है। मुठभेड़ में नक्सलियों को बहुत नुकसान पहुंचा है। बताया जाता है कि नक्सली कमांडर हिड़मा को टारगेट में रखकर पुलिस ने इस एनकाउंटर को अंजाम दिया। जब फोर्स जवाबी कार्रवाई कर रही थी, तो नक्सलियों ने हेलीकॉप्टर को घेरकर उस पर हमला किया। इससे हेलीकॉप्टर को काफी क्षति पहुंचा है। इस वजह से वह वहीं पर फंसकर खड़ा है। घायल जवानों को लाने के लिए दूसरे हेलीकॉप्टर के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। 

बढ़ सकती है घायलों की संख्या
नक्सली हमले में जवानों के घायल होने की संख्या बढ़ भी सकती है। वहीं घायल जवानों का लोकल स्तर पर इलाज चल रहा है। हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने के लिए व्यवस्था किए जाने की खबर है। दूसरी तरफ नक्सलियों के मारे जाने की संख्या भी बढ़ सकती है। क्योंकि नक्सली कई बार अपने साथी के शवों को लेकर चले जाते हैं।  

बस्तर डिवीजन के आईजी पी. सुंदराज ने कहा कि जिला सुकमा अंतर्गत नक्सल विरोधी अभियान के संबंध में कुछ जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में वर्तमान स्थिति में सुरक्षा बल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। किसी प्रकार की कोई अप्रिय स्थिति नहीं है। इस विषय पर विस्तृत जानकारी जल्द अलग से जारी की जाएगी।