MCD Mayor Election: पहले मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाने को लेकर सदन में हंगामा, ‘आप’ पार्षदों ने की नारेबाजी

Delhi MCD Mayor Election Voting Live Updates Shaily Oberoi vs Rekha Gupta AAP vs BJP News in Hindi

नई दिल्ली। दिल्ली में MCD के मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समति के लिए छह सदस्यों के चुनाव के पहले AAP के पार्षदों ने हंगामा किया। ये मनोनीत सदस्यों की शपथ का विरोध कर रहे थे। AAP के पार्षदों ने पीठासीन अधिकारी का घेराव किया और धक्का-मुक्की की। इस दौरान वे भाजपा के सदस्यों से भिड़ गए। इसके बाद चुनाव की प्रक्रिया को एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया।

उधर, कांग्रेस ने मेयर चुनाव में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। सबसे पहले नवनिर्वाचित पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद बैलेट पेपर के जरिए मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा। मेयर के चुनाव में 273 मेंबर्स वोट डालेंगे। बहुमत के लिए 133 का आंकड़ा चाहिए। AAP के पास 150 तो BJP के पास 113 वोट हैं।

मेयर चुनाव को लेकर बड़े अपडेट्स …

  • आम आदमी पार्टी के पार्षदों का कहना है कि मनोनीत पार्षद गैरकानूनी तरीके से सदन में भेजे गए हैं। उनको शपथ नहीं दिलाई जानी चाहिए।
  • आप विधायक आतिशी ने चुनाव न लड़ने के फैसले के बाद कांग्रेस पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
  • प्रोटेम स्पीकर के लिए AAP ने मुकेश गोयल का प्रस्ताव रखा था, लेकिन LG ने भाजपा पार्षद सत्या शर्मा को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है।

AAP की कैंडिडेट शैली और BJP की रेखा के बीच मुकाबला
मेयर के लिए आप आदमी पार्टी ने शैली ओबेरॉय को मैदान में उतारा है, जबकि BJP की ओर से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, डिप्टी मेयर के लिए AAP ने मोहम्मद इकबाल और कमल बागड़ी को BJP ने उम्मीदवार बनाया है।

चुनाव में 3 रंग के बैलेट पेपर का इस्तेमाल होगा
इस चुनाव के लिए कलर कोड तय किया गया है। वाइट, ग्रीन और पिंक रंग के बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें मेयर के लिए वाइट बैलेट पेपर से वोट डाले जाएंगे। डिप्टी मेयर चुनाव के लिए ग्रीन बैलट पेपर और स्टैंडिंग कमेटी के मेंबर्स के लिए पिंक बैलेट पेपर का यूज होगा।

कांग्रेस बोली- AAP को बहुमत मिला है तो केजरीवाल अपना मेयर बनाएं
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है। जनता का सम्मान करते हुए हम मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति का चुनाव नहीं लड़ेंगे। AAP को बहुमत मिला है तो केजरीवाल अपना मेयर बनाएं और दिल्ली की जनता की सेवा करें।

बहुमत AAP के पास
मेयर के चुनाव में 273 मेंबर्स द्वारा वोट डाले जाएंगे। बहुमत के लिए 138 का आंकड़ा चाहिए। कांग्रेस के गैरहाजिर होने पर 133 का आंकड़ा चाहिए। AAP के पास 134 पार्षद हैं। इसके अलावा 3 राज्यसभा सांसद और 13 विधायक हैं। भाजपा के पास 7 सांसद और 1 विधायक मिलाकर कुल 113 वोट हैं। वहीं, कांग्रेस के 9 पार्षद और निर्दलीय दो पार्षद हैं। इस चुनाव में 250 पार्षदों के साथ 10 सांसद (7 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सांसद), 13 विधानसभा सदस्य वोट डालेंगे।

चुनाव से पहले AAP ने प्रोटेम स्पीकर को लेकर सवाल उठाए 
चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल और लेफ्टिनेंट गवर्नर (LG) वीके सक्सेना के बीच मतभेद सामने आया है। प्रोटेम स्पीकर के लिए AAP ने मुकेश गोयल का प्रस्ताव रखा था, लेकिन LG ने भाजपा पार्षद सत्या शर्मा को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है।

केजरीवाल ने नियुक्ति पर सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने कहा कि MCD में होने वाले नॉमिनेशन दिल्ली के अर्बन डेवलपमेंट मिनिस्टर के जरिए भेजे जाते हैं, लेकिन एमसीडी के आयुक्त ने फाइलें सीधे LG को भेज दी। उन्होंने LG को लेटर लिखकर मामले पर पुनर्विचार करने को कहा है।