जन अधिकार रैली : ‘राजभवन में अटकी आरक्षण की फाइल, संवैधानिक व्यवस्था का नहीं हो रहा पालन’ : सीएम भूपेश

भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने मंगलवार को रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में जन अधिकार रैली आयोजित की। रैली निकालने से पहले कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित किया। सीएम भूपेश बघेल ने रैली को संबोधित करते हुए अपने खास में अंदाज में कहा कि ‘कका अभी जिंदा है।’ आज की रैली अधिकार रैली है। संविधान में जो व्यवस्था है, उसका पालन नहीं हो रहा है। इस वजह से जन अधिकार रैली निकाली गई है। 

मंत्री चौबे ने कहा कि आरक्षण मामले को लेकर छत्तीसगढ़ की जनता ईंट से ईंट बजाने के लिए तैयार है। बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा की प्रेस विज्ञप्ति को राजभवन की प्रेस विज्ञप्ति बना दी जाती है। आरोप लगाते हुए कहा कि लग रहा है कि प्रदेश में राजभवन का संचालन बीजेपी कार्यालय से हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह मांगने की नहीं बल्कि अधिकार की रैली है।

राज्यपाल के पद का दुरुपयोग: लखमा 
दूसरी ओर अपने बयानों के लिए फेमस  उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 साल वाली रमन सरकार की दुकान बंद हो चुकी है। अब दिल्ली में मोदी सरकार की दुकान बंद होगी। छत्तीसगढ़ में राज्यपाल के पद का दुरुपयोग हो रहा है। बीजेपी ने राजभवन को अखाड़े का मैदान बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यपाल अपने पद की गरिमा का ख्याल नहीं रख रही हैं पर जनता सब देख रही है। दावा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में 90 सीटें कांग्रेस पार्टी जीतेगी। राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे। दिल्ली में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।

भाजपा को 15 से 0 सीट में लाना है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने इस रैली में आरक्षण के मसले पर बोलते हुए कहा- भाजपा की वजह से राजभवन में आरक्षण विधेयक अटक गया है। भाजपा की वजह से लोगों का अधिकार उन्हें नहीं मिल रहा है। मरकाम ने कहा कि भाजपा को 15 सीट से अब 0 सीट पर लाना है। भाजपा ने बस्तर में आग भड़काने का काम किया है, भाई से भाई को लड़ाने का काम किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि सरकार ने सभी संवैधानिक पहलुओं की पड़ताल करके उसका तथ्यात्मक निराकरण करके आरक्षण संशोधन विधेयक बनाया है। जिसे विधानसभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस पर राज्यपाल को अविलंब हस्ताक्षर करना चाहिये। अनावश्यक विलंब करने से हर वर्ग को नुकसान हो रहा।सभी के हित में यह जरूरी है कि राजभवन विधेयक पर तत्काल निर्णय ले।

राहुल गांधी की तुलना महात्मा गांधी से

मंच से संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने कहा कि, आजादी के वक्त जैसे महात्मा गांधी ने देश के कोने कोने का चक्कर लगाया था वैसे ही राहुल गांधी देश की यात्रा कर रहे हैं। देश को एकता का फिर से संदेश मिलेगा। कांग्रेस लोगों को जोड़ने के लिए लड़ती है। नफरत फैलाने के लिए, भाई को भाई से अलग करने के लिए नहीं। आप देख रहे हैं कि इसका खेल छत्तीसगढ़ में खेला जा रहा है। जहां एक और सामाजिक न्याय की बात हो रही है, आरक्षण की बात हो रही है दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में बांटने का खेल खेला जा रहा है। आपने देखा विधानसभा में कैसे भारतीय जनता पार्टी के लोग चिंगारी लगाते हैं।यहां छत्तीसगढ़ के लोग ऐसी चिंगारी को कभी अपना नही पाएंगे, कोशिश बहुत होती है आरएसएस की विचारधारा की कि भाई को भाई से अलग किया जाए ।कभी धर्म के नाम पर , कभी जाति के नाम पर लेकिन छत्तीसगढ़ के मेरे भाइयों और बहनों आप लोगों को इनकी इस तरह की राजनीति को विचारधारा को कभी सफल नहीं होने देना है।