कोरबाः ‘टोनही’ कहकर पत्नी का सिर फोड़ा, पति बोला-इसका किसी और से भी संबंध, दिनदहाड़े धारदार हथियार से किया हमला; लोगों ने की आरोपी की पिटाई

कोरबा। शहर में एक शख्स ने अपनी पत्नी का धारदार हथियार से सिर फोड़ दिया। उसका कहना है कि उसकी पत्नी टोनही है और उसका किसी और से भी संबंध है। इसलिए उसने पत्नी पर दिनदहाड़े हमला किया है। मामला रामपुर चौकी क्षेत्र का है।

बालको इलाके का रहने वाला रवि वस्त्रकार पेटी कॉन्ट्रैक्टर है। उसने 10 साल पहले रानू से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच कुछ समय पहले से दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। रवि अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करने लगा था। इसके अलावा उसे ये भी शक था कि उसकी पत्नी टोनही है। शादी के बाद से दोनों के 3 बच्चे भी हैं।

बताया गया कि मंगलवार सुबह रवि ने अपनी पत्नी से कहा कि चलो कोरबा चलते हैं। तुम्हें घुमा लाता हूं। मुझे वहां ठेकेदार से पैसे भी लेने हैं। इसके बाद दोनों कोरबा आ गए और घंटाघर ओपन थिएटर के पास बैठ हुए थे। यहां आने से पहले दोनों ने अपने बच्चों को स्कूल भेज दिया था।

कहा जा रहा है कि दोनों कुछ देर तक बैठे रहे। इसके बाद युवक ने धारदार हथियार निकाला और पत्नी का सिर फोड़ दिया। इससे वह चिल्लाने लगी। इतने में आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। मगर आरोपी भागने की फिराक में था। इस पर लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। फिर पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रवि की पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।