बिलासपुर : बाबा रामदेव के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, महिलाओं पर दिए विवादित बयान पर बवाल, SP से की शिकायत कर FIR की मांग

बिलासपुर I छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कांग्रेस ने योग गुरु बाबा रामदेव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस ने बाबा रामदेव के महिलाओं के पहनावे पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इससे पहले महिला कांग्रेस ने इस मामले की शिकायत महिला आयोग से भी की थी।

महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शिल्पी तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता अन्य शुक्रवार को SP ऑफिस पहुंची, जहां उन्होंने SSP पारुल माथुर के नाम एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल को एक शिकायती पत्र सौंपा। इसमें कहा गया, पिछले दिनों महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित योग शिविर के दौरान बाबा रामदेव ने कहा, महिलाएं साड़ी, सूट और सलवार में अच्छी लगती हैं। मेरी तरह कुछ भी न भी पहने तब भी अच्छी लगती हैं। कांग्रेस की महिला नेत्री और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा रामदेव का यह बयान आपत्तिजनक है। इससे महिलाओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंचा है। महिलाएं अपने आप को अपमानित महसूस कर रहीं हैं। उन्होंने बाबा रामदेव पर FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव हमीदा खान पिंकी बत्रा रीता मजूमदार पूजा प्रजापति अन्नपूर्णा ध्रुव विजय लता सोनी सहित अन्य महिला नेत्री मौजूद रही I

महिला आयोग से हो चुकी है शिकायत
पिछले दिनों राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और सदस्य बिलासपुर में सुनवाई करने पहुंची थीं, तब भी महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शिकायत की थी। उन्होंने आयोग को इस केस में संज्ञान लेने के लिए कहा था। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने शिकायत पर संज्ञान लेने की बात कही थी और विधिवत कार्रवाई करने की भी बात कही थी। उन्होंने इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग को भी भेजने की बात कही थी।