छत्तीसगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय को दी गई राष्ट्रीय कार्यसमिति में अहम जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने संगठन में कई नियुक्तियां की है। भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और दिग्गज नेता सुनील जाखड़ को पार्टी में अहम जिम्मेदारी दी है। दोनों दिग्गज नेता को राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए जयवीर शेरगिल को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है।

पार्टी ने बीजेपी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष रहे मदन कौशिक, पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और बीजेपी की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोरंजन कालिया को राष्ट्रीय कार्य समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी ने एक बयान जारी कर बताया कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

बता दें कि पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 18 सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद साफ हो गया था कि वो पार्टी छोड़ने वाले हैं। करीब इसके 40 दिन बाद नवंबर 2021 में उन्होंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। अमरिंदर सिंह ने आरोप लगाया था कि पार्टी ने उनका अपमान किया है। कैप्टन की लोक कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के साथ मिलकर 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन उनकी पार्टी सफल नहीं हुई। वो खुद पटियाला शहर से आम आदमी पार्टी के अजितपाल सिंह कोहली से चुनाव हार गए।