Bharat Jodo Yatra: पाक समर्थित नारों का वीडियो ‘फर्जी’, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी पर छत्तीसगढ़ में FIR

लोकेंद्र पराशर

रायपुर। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस समय मध्यप्रदेश में है। भाजपा इसमें विवाद खोजने का कोई कसर नहीं छोड़ रही। यह दांव उल्टा भी पड़ रहा है। पाकिस्तान जिंदाबाद के वीडियो पब्लिश करने के बाद भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर के खिलाफ रायपुर में एफआईआर दर्ज हुई है। छत्तीसगढ़ में दर्ज एफआईआर में आरोप है कि पाराशर ने पाकिस्तान जिंदाबाद का फर्जी वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। 

 छत्तीसगढ़ के रायपुर के सुंदरनगर थाने में अंकित कुमार मिश्रा ने आवेदन दिया है। इसमें आरोप है कि मध्यप्रदेश बीजेपी मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने अपने ट्विटर हैंडल पर शुक्रवार को फर्जी वीडियो शेयर किया है। इसमें अलग से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे जोड़े गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार पाराशर ने दुर्भावना के मकसद से झूठा और भ्रामक पोस्ट किया। पुलिस ने लोकेंद्र पाराशर पर दंगा भड़काने के इरादे से उकसाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई है। इस मामले में मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भी कानूनी कार्यवाही करने की बात कही थी।

क्या है मामला 
बीजेपी मीडिया प्रभारी ने शुक्रवार को एक वीडियो शेयर कर लिखा था कि भारत जोड़ो यात्रा में खुलेआम पाकिस्तान जिंदाबाद… का नारा लगा। इसे कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया गया, जिसे बाद में हटा दिया गया। लेकिन सच्चाई सामने आ गई कि कांग्रेस के दिल में क्या है। कांग्रेस की तरफ से बीजेपी पर राहुल की यात्रा से डरकर षड्यंत्र करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जांच के आदेश दिए हैं। यह भी कहा है कि नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नारे लगाने वाले माफ नहीं किए जाएंगे। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ने के बजाय देश को तोड़ने वालों को जोड़ने का काम कर रहे हैं।