छत्तीसगढ़ : बॉलीवुड फिल्म में नजर आएगा बस्तर का सहदेव, एक्टर राजपाल यादव के बचपन का किरदार निभाएगा, बचपन का प्यार गाने से हुआ था फेमस

जगदलपुर I छ्त्तीसगढ़ में बस्तर के सुकमा जिले का रहने वाला सहदेव दिरदो अब जल्द ही बड़े पर्दे पर नजर आने वाला है। बॉलीवुड की एक फिल्म में मशहूर एक्टर राजपाल यादव का बचपन का रोल अदा करेगा। बताया जा रहा है कि, फिल्म का नाम शबरी है। इस फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग छ्त्तीसगढ़ के अलग-अलग लोकेशन में होगी। दरअसल, सालभर पहले ‘बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे’ गाने से नक्सलगढ़ का सहदेव दिरदो रातों रात फेमस हुआ था।

सहदेव ने बताया कि, वो वर्तमान में बस्तर के आदेश्वर एकेडमी में कक्षा 8वीं में पढ़ाई कर रहा है। उनकी देख भाल करने वाले पिंटू मानिकपुरी के पास मुंबई से एक कॉल आया था। जिन्होंने कॉल किया था वो मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से थे। उन्होंने पिंटू को बताया कि, एक्टर राजपाल यादव की फिल्म शबरी की शूटिंग CG के कवर्धा समेत आस-पास के कुछ इलाकों में होनी है। इस फिल्म में राजपाल यादव के बचपन का रोल अदा करने सहदेव को ऑफर किया गया है। फिर पिंटू ने इस बात की जानकारी सहदेव को दी। सहदेव ने कहा कि, वो और पिंटू टीम से मिलने के लिए बस्तर से रवाना हो गए हैं।

इससे पहले भी कर चुका है काम

सहदेव के करियर की यह चौथी और बॉलीवुड के बड़े पर्दे के लिए यह पहली फिल्म होगी। इसने इससे पहले अजित जोगी, संघर्ष और बस्तर बॉय जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, ये फिल्में अभी रिलीज नहीं हुई हैं। इनकी शूटिंग पूरी कर ली गई है। जल्द ही इन्हें रिलीज किया जाएगा। सहदेव को सिनेमा जगत में जाता देख बस्तर के लोगों में भी काफी खुशी का माहौल है।

ऐसे हुआ सहदेव सुपरहिट

दरअसल, करीब 2-3 साल पहले सहदेव के टीचर ने इसकी क्लास रूम में ‘बचपन का प्यार’ गाना गाते हुए वीडियो बनाया था। यह वीडियो सालभर पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हुआ था। कई बॉलीवुड स्टार्स ने भी इस पर लिप्सिंग कर इंस्टाग्राम रील्स बनाई थी। देखते ही देखते सहदेव रातों-रात स्टार बन गया था। बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी सहदेव के पास कई कॉल आए थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर केंद्रीय मंत्रियों ने भी सहदेव से मुलाकात की थी।

बादशाह ने भी बनाया वीडियो एल्बम

फेमस रैपर बादशाह ने भी सहदेव के साथ ‘बचपन का प्यार’ गाने पर म्यूजिक वीडियो एल्बम बनाया था। यह वीडियो एल्बम लोगों को खूब पसंद आया था। कुछ ही घंटे के अंदर करोड़ों लोगों ने इस वीडियो एल्बम को देख लिया था। बादशाह ने सहदेव को आर्थिक मदद भी की थी। इसके अलावा इंडियन आइडल के मंच से भी सहदेव को बुलाया गया था।