छत्तीसगढ़ : डायरिया से दो की मौत, 42 लोगों का चल रहा है इलाज, स्थिति पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी

भिलाई। कैंप क्षेत्र भिलाई में डायरिया फैलने से दो की मौत हो गई। वहीं डायरिया से ग्रसित 42 लोगों का सुपेला सरकारी अस्पताल, जिला अस्पताल और निजी अस्पताल बीएम शाह में इलाज चल रहा है। मरने वालों में आदर्श नगर कैंप-1 की 11 साल की बालिका एम. बांधवी पिता सुदर्शन तथा वार्ड 31 जेपी नगर 27 साल का युवक कुश डहरे पिता पुश डहरे हैं। इसी तरह से कैंप के वृंदानगर, संतोषी पारा में डायरिया का प्रकोप बताया जा रहा है। अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। कलेक्टर ने दोनों की मौत के जांच के आदेश दे दिए हैं।

बता दें कि भिलाई में तीन माह के भीतर तीसरी बार डायरिया फैला है। भिलाई नगर निगम का स्वास्थ्य महकमा डायरिया फैलने की वजह पता लगाने में जुट गया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को कैंप क्षेत्र के वार्ड 31 जेपी नगर में लोगों की सेहत बिगड़ने लगी। उल्टी-दस्त से परेशान लोगों ने अस्पताल का रुख किया। समय पर अस्पताल पहुंचने वाले लोगों का इलाज भी फौरन शुरू कर दिया गया। वहीं कुश डहरे और आदर्श नगर कैंप-1 में रहने वाली बांधवी समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाई।

कुश डहरे को सुबह सात बजकर पांच मिनट पर सुपेला अस्पताल लाया गया। यहीं पर उसने दम तोड़ दिया। मृतिका बांधवी के पिता इस समय घर पर नहीं हैं। वह पानी जहाज में काम करते हैं और समुन्द्र के किस स्थान पर हैं किसी को नही मालूम। उनका लोकेशन लेकर सूचना भेजने का प्रयास किया जा रहा है। सुपेला सरकारी अस्पताल के प्रभारी डा. पीयाम सिंह ने बताया कि अस्पताल में डायरिया पीड़ितों को भर्ती किया गया है। जिनका इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति नियंत्रण में है तथा एक दो दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।

मौत की जांच होगी

दुर्ग कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इस बारे में कहा है कि भिलाई के कैंप क्षेत्र में डायरिया फैलने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला पहुंच गया है। जिला प्रशासन द्वारा निजी अस्पताल बीएम शाह के अलावा सुपेला और जिला अस्पताल में डायरिया पीड़ितों को भर्ती किया गया है। जहां पर सभी का इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति सामान्य है। दो की मौत कैसी हुई इसके जांच के आदेश दे दिए गए हैं।