छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में बड़े मुकाबले शुरूः रायपुर में तीन मैदानों पर जौहर दिखाएंगे 1400 खिलाड़ी, कंचा, कबड्‌डी, गिल्ली-डंडा सहित 14 खेलों के मुकाबले होंगे

रायपुर में तीन मैदानों पर जौहर दिखाएंगे 1400 खिलाड़ी, कंचा, कबड्‌डी, गिल्ली-डंडा सहित 14 खेलों के मुकाबले होंगे|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिता बुधवार से शुरू हो गई। रायपुर जिले में इसे तीन मैदानों पर आयोजित किया जा रहा है। यहां 14 खेलों के 1400 खिलाड़ी 25 नवम्बर तक एक दूसरे से मुकाबला करेंगे। जिला स्तर के विजेता खिलाड़ी और टीमें राज्य स्तरीय मुकाबले में प्रतिभाग करेंगी।

राजधानी के सुभाष स्टेडियम में बुधवार को जिला स्तरीय प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत हुई। प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे ने इसका उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, इस आयोजन की सफलता, गांव-गांव में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, बुजुर्गों के इसमें शामिल होने से ही सिद्ध हो गई है। छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यह बेहद ही सुखद पल है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने बताया, मुख्यमंत्री की मंशानुसार छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक खेलों का आयोजन 6 अक्टूबर से जारी है। इन खेलों के लिए पूरे जिले को छह जोन में बांटा गया था।

मंत्री रविंद्र चौबे ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। - Dainik Bhaskar

मंत्री रविंद्र चौबे ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

जोन स्तरीय खेलों में विजेताओं को अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिल रहा है। कलेक्टर ने बताया, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 नवम्बर तक चलेंगी। इन खेलों में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। जिला स्तरीय विजेता राज्य स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे। इस अवसर पर नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, बीरगांव नगर निगम के महापौर नंद लाल देवांगन, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा, जिला पंचायत के सीईओ आकाश छिकारा आदि मौजूद रहे।

कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मैदान पर मौजूद रहे। - Dainik Bhaskar

कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मैदान पर मौजूद रहे।

यहां हो रहा है खेलों का आयोजन

रायपुर जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक तीन मैदानों पर हो रही है। इसमें नेताजी सुभाष स्टेडियम में कबड्डी, बांटी, पिट्ठूल, बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़ और भौरा चलाने की प्रतियोगिताएं हो रही हैं। सप्रे स्कूल मैदान पर खो-खो, गिल्ली-डण्डा और रस्सा खींच की प्रतियोगिताएं हो रही हैं। 100 मीटर की दौड़, लम्बी कूद, लंगड़ी और संखली खेलों की प्रतिस्पर्धाएं स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा में हो रही है।