रायगढ़ः पहले शराब पिलाई..फिर गमछे से गला घोंटकर हत्या, पत्नी से अवैध संबंध को लेकर शक करता था, इसलिए दूसरे युवक ने कर दिया कत्ल

रायगढ़। जिले में युवक की लाश मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। असल में उसकी हत्या की गई थी। उसे किसी और ने नहीं बल्कि उसके ही पहचान के एक दूसरे शख्स ने मारा था। बताया गया कि मरने वाला युवक अपनी पत्नी पर आरोपी युवक के साथ अवैध संबंध होने का शक करता था। इसलिए आरोपी ने पहले शराब पिलाई, फिर गमछे से गला घोंटकर युवक की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।

12 नवंबर को राजपुर के बथानपारा आम बगीचा के पास एक युवक का शव मिला था। जिसकी सूचना आस-पास के लोगों ने पुलिस को दी थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद युवक की पहचान फकीर राठिया(23) के रूप में हुई थी। फकीर मूल रूप से सुपकोना का रहने वाला था। मगर शादी के बाद से वह आमापाली में रहता था।

इस तरह से मिला था शव।

इस तरह से मिला था शव।

ऐसे मिला क्लू

शव का भी पोस्टमार्टम कराया गया था। जिसमें इस बात का पता चला पहले युवक को पीटा गया है। इसके बाद उसकी हत्या की गई है। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के लिए पुलिस ने आस-पास के लोगों से भी पूछताछ की थी। मगर शुरुआत में कुछ पता नहीं चल सका था। इसके बाद पुलिस को पता चला कि फकीर राठिया का गहनाझर बरखोरियापारा निवासी रमेश राठिया(30) से विवाद चल रहा था।

हमारी दोस्ती चलते पत्नी को पीटता था

उधर, पुलिस को जैसे ही इस बात का पता चला पुलिस ने रमेश राठिया को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। तब रमेश राठिया ने जो बताया वो दिल दहला देने वाला है। रमेश ने बताया कि फकीर राठिया उसकी भाभी का भाई है। वह आमापाली में घर जमाई बनकर रहता था। मेरा भी आमापाली जाना था। इसलिए मेरी फकीर की पत्नी से दोस्ती थी। लेकिन फकीर को यह अच्छा नहीं लगता था। उसे ऐसा लगता था कि मेरा और उसकी पत्नी के बीच कुछ चक्कर है। जिस वजह से आए दिन अपनी पत्नी से विवाद करता था। उसे पीटता भी था।

मेला दिखाने के बहाने ले गया

आरोपी ने बताया कि फकीर ने अपनी पत्नी को मेरे सामने भी पीटा था। इस वजह से मुझे ठीक नहीं लगता था। इसलिए मैंने उसे मारने का प्लान बनाया। आरोपी ने बताया कि 10 नवंबर की शाम को ही मैं फकीर के पास गया था। तब फकीर खेत में काम कर रहा था। इसलिए मैंने उससे कहा कि चलो लुड़ेग पहाड़ में मेला देखने चलते हैं। इसके बाद हम दोनों मेरी बाइक में बैठकर मेले के लिए निकल गए।

आरोपी ने कहा कि जैसे ही हम राजपुर के बथानपारा आम बगीचा पास पहुंचे। हम दोनों ने शराब पी। उस समय रात हो गई थी। फकीर ने नशे की गोलियां भी खा ली। तब मैंने देखा कि ये अच्छा मौका है। इसके बाद मैंने उसे पहले जमकर पीटा। फिर गमछे से गला घोंट दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई और शव छोड़कर वहां से भाग गया। अपनी बाइक वहीं छोड़ दी थी।

बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया था आरोपी।

बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया था आरोपी।

दोस्त को सब कुछ बता दिया

आरोपी ने बताया कि वहां से भागकर मैं मेले में गया था। वहां मेरी मुलाकात रामविलास मांझी से हुई। रामविलास मेरा दोस्त था। इसलिए मैंने उसे पूरी वारदात के बारे में बताया था। इसके बाद हम दोनों वापस फकीर के घर गए और उसके परिजनों को बताया कि फकीर मेरा बाइक लेकर भाग गया है। हम उसे तलाश कर रहे हैं। मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस ने रमेश की निशानदेही पर रामविलास को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस केस का बुधवार को खुलासा किया है।