कोरबा : रानी झरना पहाड़ पर फंसे 4 दोस्त, जल स्रोत ढूंढने के चक्कर में जोखिम में डाली जान; भूख-प्यास से बेहाल होकर गुजारी रात

कोरबा। कोरबा जिले में शनिवार को पिकनिक मनाने के दौरान रानी झरना पहाड़ के ऊपर फंस गए 4 युवकों का रेस्क्यू रविवार सुबह कर लिया गया है।युवकों ने कहा कि आज उनकी लापरवाही के कारण ही उनकी जान आफत में फंस गई थी। उन्होंने रेस्क्यू टीम को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया।

शनिवार को 4 दोस्त सोमत सिंह (24 वर्ष), खिलन कुमार मांझी (21 वर्ष), सन्नी कुमार (23 वर्ष) और श्याम कुमार (22 वर्ष) शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर रानी झरना पहाड़ पर पिकनिक मनाने के लिए गए थे। उन्होंने वहां पिकनिक मनाई, खाना खाया, नहाने के लिए झरने में भी उतरे। लेकिन इसी बीच दोस्तों ने तय किया कि झरने का जल स्रोत ढूंढते हैं। इसके बाद चारों पहाड़ के ऊपर चले गए और वहां फंस गए।

धीरे-धीरे रात हो गई और वे रास्ता भटक गए। भूख-प्यास से बेहाल चारों दोस्तों की हालत खराब होने लगी, लेकिन पहाड़ से नीचे उतरने का रास्ता उन्हें नजर नहीं आया। उन्होंने जैसे-तैसे डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने युवकों के रेस्क्यू के लिए सर्प मित्रों की मदद मांगी। जिसके बाद शनिवार देर रात ही पुलिस और सर्पमित्र अविनाश यादव और उनकी टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने रात में ही पहाड़ पर युवकों को ढूंढना शुरू किया और रविवार सुबह चारों का सफल रेस्क्यू कर लिया।

युवकों ने रेस्क्यू टीम को धन्यवाद देते हुए कहा कि अपने लालच के कारण वे पहाड़ पर फंस गए। उन्होंने बाकी लोगों से इस तरह का कोई प्रयास नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये तो उनकी किस्मत अच्छी थी कि पहाड़ के ऊपर भी मोबाइल नेटवर्क मिल रहा था, नहीं तो उन्हें कुछ भी हो सकता था। ये सभी दोस्त दर्री के प्रगति नगर के रहने वाले थे। चारों दोस्तों में से सोमत सिंह कपड़े की दुकान में काम करता है, वहीं खिलन कुमार मांझी कॉलेज का छात्र है। श्याम कुमार मजदूरी करता है। चारों दोस्त एक ही कॉलोनी में रहते हैं और बचपन से दोस्त हैं।