छत्तीसगढ़ः पेंड्रा में 13 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा, आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना; लोगों ने अभी से निकाले स्वेटर और कंबल 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मौसम इन दिनों साफ, लेकिन पारा गिरा। - Dainik Bhaskar

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में इन दिनों सबसे कम तापमान पेंड्रा में दर्ज किया जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में यहां कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री पर बना हुआ है।

जिले में नवंबर-दिसंबर से काफी ठंड पड़ने लगती है। ऐसे में जरूरतमंदों को ठंड से बचाने के लिए सामाजिक संस्थाएं अभी से दूरदराज के स्कूलों में जाकर स्वेटर और गर्म कपड़े बांट रही हैं। पेंड्रा में अब सुबह-शाम और रातें ठंडी होने लगी हैं। लोग शाम होते ही घरों में दुबकने लगे हैं। अभी से लोग ठंड से निजात पाने के लिए अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

पिछले साल की तुलना में इस बार ज्यादा ठंड।

पिछले साल की तुलना में इस बार ज्यादा ठंड।

समुद्री सतह से 618 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का मौसम इन दिनों काफी सुहाना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस साल 4 महीने कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। फरवरी के बाद ही ठंड से राहत मिलेगी। पेंड्रा से सटे अमरकंटक क्षेत्र में अभी से कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है और यहां शाम को जल्दी ही सन्नाटा पसर जाता है। उत्तर-पूर्व से चलने वाली हवाओं ने इस जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की है। पिछले सालों की तुलना में इस साल यह पहला अवसर है कि नवंबर के पहले सप्ताह में पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया है।

पेंड्रा में फिलहाल मौसम साफ।

पेंड्रा में फिलहाल मौसम साफ।

पेंड्रा के तापमान का असर बिलासपुर, मुंगेली, शहडोल और डिंडौरी क्षेत्र पर भी पड़ता है। बिलासपुर की बात करें, तो पेंड्रा से औसतन 5 डिग्री अधिक तापमान बिलासपुर में दर्ज किया जाता है। ऐसे में बिलासपुर में अभी ठंड पड़नी शुरू नहीं हुई है और यहां पारा न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। पेंड्रा में पड़ने वाली कड़ाके की ठंड का असर यहां के साथ-साथ बिलासपुर में भी देखा जा सकेगा।

पेंड्रा से सटे अमरकंटक में ठंड पड़नी शुरू।

पेंड्रा से सटे अमरकंटक में ठंड पड़नी शुरू।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाड़ी से आ रही नमी का असर कम होने के चलते 3 नवंबर से प्रदेश के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। एक सप्ताह में कार्तिक का महीना बीत जाएगा और माना जाता है कि कार्तिक महीने में इतनी ठंड नहीं पड़ती, लेकिन इस बार पेंड्रा में इसी महीने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।