छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति पर राजनीति: भाजपा सह प्रभारी बोले, हम नहीं करते छत्तीसगढ़ियावाद की बात, कांग्रेस ने पूछा-इनको क्यों है छत्तीसगढ़ से इतनी चिढ़? 

भाजपा सह प्रभारी बोले, हम छत्तीसगढ़ियावाद की बात नहीं करते, कांग्रेस ने पूछा-छत्तीसगढ़ से इनको इतनी चिढ़ क्यों है?|रायपुर,Raipur - Dainik Bhaskar

रायपुर। जिला मुख्यालयों पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा लगाने की घोषणा के साथ ही प्रदेश में राजनीति भड़क उठी है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने बुधवार को रायपुर पहुंचते ही बड़ा बयान दे दिया। उन्होंने कहा, हम छत्तीसगढ़ियावाद नहीं भारतीयतावाद की बात करते हैं। अब कांग्रेस इसपर हमलावर है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा, छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति लगाने से क्या होगा? हम छत्तीसगढ़ियावाद की बात नहीं करते, हम भारतीयतावाद की बात करते हैं। पार्टी के बैकफुट पर दिखने के एक सवाल पर नबीन ने कहा, पार्टी किसी मुद्दे पर पीछे नहीं हटी है। शराबबंदी की बात कहने वाले आज मैदान छोड़कर भाग रहे हैं। कांग्रेस के मुंह में राम और मन में रावण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो बात 2003 में कही थी, हम आज भी उसी संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। नितिन नबीन ने कहा, छत्तीसगढ़ राज्य की परिकल्पना को किसी ने साकार किया है तो वह स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने किया है।

नितिन नबीन के इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा को छत्तीसगढ़ से इतनी हिकारत क्यों है। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तो राजधानी और सभी जिला मुख्यालयों पर डेढ़ दशक पहले लग जानी चाहिए थी। राज्य का निर्माण इसीलिये तो हुआ था कि हमारी जो सभ्यता, संस्कृति और छत्तीसगढ़ियापन है वह झलकना चाहिये। छत्तीसगढ़ में महिलाएं आज भाजपा शासन की तुलना में अधिक सुरक्षित हैं। महिलाओं के प्रति अपराध में 62% की कमी आई है। नितीन नबीन जी को इसका अध्ययन कर लेना चाहिए।

कल मुख्यमंत्री ने किया प्रतिमा का अनावरण

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार शाम रायपुर के कलेक्टर ऑफिस के पास छत्तीसगढ़ महतारी की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने ये एलान किया कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में ऐसी प्रतिमा लगाई जाएगी। इससे पहले सरकार सभी सरकारी आयोजनों में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर लगाने का निर्देश दे चुकी है।