छत्तीसगढ़ः 22 साल पूरे होने पर सियासी बवाल, रमन बोले – कांग्रेस की वजह से बदनाम हुआ प्रदेश, कांग्रेस बोली- वो तो BJP सत्ता में थी वरना होता और विकास 

रायपुर। प्रदेश को बने अब 22 साल पूरे हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ में आदिवासी महोत्सव और राज्योत्सव के बीच सियासी दलों की खिट-फिट भी सुनाई दे रही है। डॉ रमन सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस पार्टी पर कई तरह के आरोप लगाए। अब कांग्रेस का जवाब भी सामने आया है, जिसमें रमन सिंह के कार्यकाल के कई आंकड़े पेशकर उन्हें घेरने का प्रयास हुआ है।

सबसे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर डॉ रमन सिंह ने बयान दिया – कांग्रेस की वजह से तेज रफ्तार से विकास करने वाला छत्तीसगढ़ ठप पड़ गया। विकास के लिए दुनिया में जाने जाना वाला छत्तीसगढ़ अब कांग्रेस की वजह से भ्रष्टाचार और माफिया राज के लिए बदनाम हो रहा है। मौजूदा समय में छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है। इसके अलावा 50 हजार करोड़ का कर्ज भी हो गया जबकि राज्य के साथ केंद्र के सम्पूर्ण संसाधन भी मिले। कांग्रेस के वक्त में सड़कों का हाल जगजाहिर है।

कांग्रेस ने दिया करारा जवाब
कांग्रेस की तरफ से कहा गया प्रदेश में भाजपा की सरकार 15 साल नहीं होती तो राज्य और विकसित होता। रमन राज में 15 साल में 4 मेडिकल कॉलेज, भूपेश राज के 4 साल में 8 मेडिकल कॉलेज खुले। 2018 में भाजपा सरकार के समय राज्य की बेरोजगारी दर 22 प्रतिशत आज प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे कम 0.2 प्रतिशत है। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तब 2018 में प्रदेश में धान की खेती 22 लाख हेक्टेयर होती थी, आज प्रदेश में 30 लाख हेक्टेयर रकबे पर धान की खेती हो रही है।

कांग्रेस की ओर से कहा गया कि आज की सरकार ने रोजगार स्वरोजगार और सरकारी नौकरी के माध्यम से लगभग 5 लाख युवाओं को रोजगार देने में सफलता अर्जित की है। 5 साल में 15 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य भी रखा है। कांग्रेस सरकार में 14580 शिक्षकों की भर्ती हुई। स्वास्थ्य विभाग में 750 चिकित्सक और 3000 से अधिक नर्सिंग स्टाफ की भर्ती हुई है। पुलिस विभाग में 2000 से अधिक तकनीकी विशेषज्ञ सहित अन्य पोस्ट पर भर्ती हुई है। बस्तर बटालियन में स्थानीय स्तर पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। कांग्रेस की सरकार, रोजगार, किसान, गरीब के लिए बेहतर काम कर रही है।